झज्जर में ऑनलाइन डिलीवरी का काम दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार

झज्जर में ऑनलाइन डिलीवरी का काम दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार

झज्जर। घर बैठे ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी का काम करके अच्छी कमाई करने का लालच एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने 15 प्रतिशत कमीशन देने का भरोसा दिलाकर उससे 2 लाख 468 रुपये ठग लिए। मामले की जांच करते हुए झज्जर साइबर क्राइम पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रेम नगर-2 निवासी इरफान पुत्र मोहम्मद अली के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक दर्शन कुमार के अनुसार, दुबलधन माजरा गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक ऐप डाउनलोड करवाया गया था। इसके बाद उसे ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी से जुड़ा काम देने का प्रस्ताव दिया गया। आरोपियों ने बताया कि प्रत्येक ऑर्डर की रकम पहले बताए गए बैंक खातों में जमा करनी होगी। डिलीवरी पूरी होने के बाद निवेश की गई राशि के साथ 15 प्रतिशत अतिरिक्त कमीशन वापस मिलेगा।

अधिक कमाई की उम्मीद में शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग तारीखों पर कुल 2 लाख 468 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, रकम जमा कराने के बाद न तो उसे वादा किया गया कमीशन मिला और न ही उसकी मूल राशि वापस की गई। कुछ समय बाद ठगी में इस्तेमाल किया जा रहा ऐप भी बंद हो गया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।

पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर झज्जर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान बैंक खातों और लेनदेन की कड़ियों को खंगालते हुए मनी ट्रेल का पता लगाया। इसी जांच में पंजाब नेशनल बैंक का एक खाता सामने आया, जिसके खाताधारक इरफान को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की और मामले की जांच में शामिल किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। साइबर पुलिस मामले से जुड़े बैंक लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *