दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की जान चली गई। जब्बरपल्ली इलाके में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो भाइयों ने मिलकर 37 वर्षीय युवक श्याम कुमार दास पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात जब्बरपल्ली क्षेत्र में काली प्रतिमा के विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान श्याम कुमार दास अपने कुछ दोस्तों के साथ खान-पान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी अजय नंदी और विजय नंदी नाम के दो भाइयों की उनसे कहासुनी हो गई। विवाद की वजह पुराना जमीन संबंधी मामला बताया जा रहा है।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजय और विजय ने लोहे की रॉड और बांस से श्याम पर हमला कर दिया। इसके बाद धारदार हथियार से भी वार किए जाने की बात सामने आई है। हमले में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने लावदोहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त रसप्रीत सिंह ने युवक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में थाने में शिकायत मिली है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वारदात के बाद जब्बरपल्ली इलाके में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अब विवाद की असली वजह और घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

