देहरादून में 5 लाख की चरस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नशे के आदी लोगों को बेचने की थी तैयारी

देहरादून में 5 लाख की चरस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नशे के आदी लोगों को बेचने की थी तैयारी

देहरादून। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी कामयाबी मिली है। राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 110 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 की रात राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी।

इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुरानी मजार, जोहड़ी रोड के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। जांच में उसके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान अशद उर्फ शुभान खान (19) निवासी मौथरोवाला, दून यूनिवर्सिटी रोड, नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ओपन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह नशे के कारोबार से जुड़ गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह चरस रिस्पना पुल क्षेत्र के एक स्थानीय नशा तस्कर से प्राप्त की थी। उसकी योजना इसे स्थानीय स्तर पर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की थी।

हालांकि, बिक्री करने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1 किलो 110 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में राजपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब चरस की सप्लाई करने वाले व्यक्ति और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *