गांजा, स्मैक और अवैध शराब बरामद, एक आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 16 मुकदमे
देहरादून। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 102 ग्राम गांजा, 9.53 ग्राम स्मैक और 140 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की है। इसके अलावा शराब तस्करी में इस्तेमाल एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बसंत विहार, सेलाकुई, कैंट और ऋषिकेश थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई की।
बसंत विहार में गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
बसंत विहार पुलिस ने चेकिंग के दौरान मलिक चौक ट्रांसफार्मर के पास से रोहित छेत्री उर्फ गौतम उर्फ लावरे (27) को 1 किलो 102 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पूछताछ में उसने जल्दी पैसा कमाने के लालच में तस्करी में शामिल होने की बात कही।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सेलाकुई में 9.53 ग्राम स्मैक बरामद
सेलाकुई पुलिस ने 24 अक्टूबर को आकस्मिक चेकिंग के दौरान सारना नदी पुल के पास से नफीस (28) को 9.53 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी सहसपुर थाना क्षेत्र के बड़ा रामपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सेलाकुई थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैंट क्षेत्र में 50 टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तारी
कैंट कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान महेंद्र ग्राउंड के पास से प्रियांशु (26) को स्कूटी पर 50 टेट्रा पैक देशी शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी को सीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ऋषिकेश में 90 टेट्रा पैक शराब बरामद
ऋषिकेश पुलिस ने 24 अक्टूबर को हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रवि कुमार (19) को 90 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से माल्टा मसालेदार देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
दून पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

