धनबाद में पुलिस की छापेमारी, घर से देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

धनबाद में पुलिस की छापेमारी, घर से देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

धनबाद। झारखंड के धनबाद में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए बरामुड़ी खटाल स्थित एक मकान से देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने 31 वर्षीय पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया। मामले में विशुनपुर की टीचर्स कॉलोनी निवासी अंकित पाठक का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि उसने पप्पू कुमार को हथियार रखने के लिए दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि बरामुड़ी खटाल का रहने वाला पप्पू कुमार अवैध हथियार अपने पास रखे हुए है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम रात करीब 12:45 बजे उसके घर पहुंची।

पुलिस को देखते ही घर के मुख्य दरवाजे के पास मौजूद एक व्यक्ति भागने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पप्पू कुमार, पिता रामावतार यादव, के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान शयनकक्ष में बिस्तर के गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन मिली। बरामद कारतूस के निचले हिस्से पर 7.65 केएफ अंकित था।

पुलिस ने जब पप्पू कुमार से हथियार रखने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार और अन्य सामान जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में पप्पू कुमार ने कथित तौर पर बताया कि हथियार उसे विशुनपुर की टीचर्स कॉलोनी निवासी अंकित पाठक ने रखने के लिए दिया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अंकित पाठक को भी मामले में आरोपित बनाया है।

फिलहाल, पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से आया था और इसे रखने के पीछे क्या उद्देश्य था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *