ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: देहरादून में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 गिरफ्तार

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: देहरादून में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 गिरफ्तार

देर रात होटल, बार और पब में औचक छापेमारी, निर्धारित समय के बाद खुला मिला D3 बार; लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति

61 युवक पूछताछ के लिए थाने लाए गए, 39 वाहन सीज और 97 वाहन चालकों के चालान

देहरादून। अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 10 और 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी की।

अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 61 व्यक्तियों और युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

निर्धारित समय के बाद खुला मिला D3 बार

पुलिस की छापेमारी के दौरान धोरन रोड स्थित D3 बार निर्धारित समयावधि के बाद भी खुला मिला। इसके साथ ही बार में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन भी पाया गया। पुलिस ने बार संचालक के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की और बार का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी।

नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती

नाइट स्ट्राइक के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर संबंधित वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 97 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि 39 वाहनों को सीज किया गया।

इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाले 78 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

रात में हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से देर रात अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने वाले व्यक्तियों, हुड़दंग करने वालों और निर्धारित समय के बाद संचालित होने वाले बार व रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *