राष्ट्रीय

सीएम योगी ने अलीगढ़ को दी कई परियोजनाओं की सौगात

उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस शहर का अपना ऐतिहासिक महत्व है। यहां विकास हो रहा है। अलीगढ़ के प्रबुद्धजन सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यूपी में नौकरी के लिए सैफई परिवार वसूली करने नहीं जाता। एक वह दौर था जब कहीं चाचा और कहीं भतीजा नौकरी के लिए वसूली करने निकल पड़ते थे। अब वह सब बंद है। उत्तर प्रदेश में दंगा, दंगाई और उनको सरपरस्ती देने वाले भी खत्म हैं। उन्होंने आने वाले निकाय चुनाव में भी भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की तरह जब निकाय में भाजपा की सरकार बनेगी तो डबल इंजन की सरकार का विकास वहां भी दिखाई देगा।

अलीगढ़ के प्रदर्शनी मैदान में शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 86 करोड़ 55 लाख रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके उपरांत प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि अलीगढ़ प्रदेश में अपनी अलग पहचान है। इस शहर ने देश की आजादी की लड़ाई से आज तक विकास के क्षेत्र में अग्रहणी भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के कार्यकाल में ताला नगरी बनाकर अलीगढ़ के हार्डवेयर व्यवसाय को विकास के मार्ग पर ले जाया गया। पिछले 8 वर्ष में देश बदल रहा है, पूरा देश अमृतोत्सव मना रहा है। आज देश हम पर राज करने वाले ब्रिटेन को पछाड़कर अर्थव्यवस्था में 5वें नम्बर पर आ गया है। विकास एक निरन्तर प्रक्रिया है। उसी के तहत अलीगढ़ सहित प्रदेश में बिना भेदभाव विकास हो रहा है। आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश और दुनिया में नजीर बन गई है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल से पूर्व प्रदेश में लगभग सात सौ दंगे हुए। अधिकांश स्थानों पर कर्फ्यू लगा रहता था। लेकिन अब प्रदेश में कर्फ्यू समाप्त हो गया है और अपराधियों ने अपराध से तौबा कर आपराधिक गतिविधि से दूरी बना ली है। अपराधी अपनी जान की खैरियत मांग रहे हैं। पहले प्रदेश में नगरीय क्षेत्रों में गंदगी का अंबार रहता था लेकिन अब साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई है। महानगरों में स्मार्ट सिटी के तहत कार्य चल रहे हैं, जिनके चलते महानगरों में साफ सफाई व्यवस्था के अलावा जनता को सुविधा देने के लिए फुटपाथ स्ट्रीट लाइट बनाने के साथ विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पीएम सुनिधि योजना के तहत पटरी थैली विक्रेताओं को ऋण देने का कार्य किया जा रहा है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। युवाओं को अच्छी शिक्षा के लिए स्मार्टफोन टेबलेट वितरित करने के साथ निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था दी जा रही है। इसी का नतीजा सामने है कि पिछले पीसीएस के परीक्षा परिणाम में निशुल्क कोचिंग में पढ़ने वाले 45 छात्रों का चयन हुआ है। पिछले सपा सरकार के कार्यकाल में लूटमार और अराजकता माहौल था, नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त थे। कहीं चाचा जाते थे कहीं भतीजा जाते थे। सिर्फ युवाओं को गुमराह कर प्रदेश में लूटमार का कार्य चल रहा था।

सीएम योगी ने कहा कि आगामी फरवरी में प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट कराने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में कोई व्यापारी अपना उद्योग लगाए तो उद्योग और उसके निवेश की गारंटी प्रदेश सरकार देगी। अलीगढ़ में युवाओं को रोजगार देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर रोड बनाया जा रहा है अलीगढ़ को हार्डवेयर और ताला व्यवसाय के लिए माना जाता है। अब डिफेंस कॉरिडोर में सेना के लिए उपयोग करने वाले हथियार बनेंगे। वहीं अलीगढ़ में स्थापित किए गए राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में छात्र छात्राओं को शिक्षा देने की उचित व्यवस्था की  जा रही है। मुख्यमंत्री प्रबुद्ध जनों से भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों और दुरुस्त कानून व्यवस्था की नीति जन जन तक पहुंचाने का आव्हान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *