लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में सोने के आभूषणों की लूट के इरादे से एक युवक की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के ही परिचित दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले उसका अपहरण किया और फिर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपितों ने शव को एक छप्पर में फेंक दिया। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मिक्की आहूजा, अजय सिंह और शिवा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पंकज अरोड़ा के अपहरण और हत्या की बात कबूल की है। उनके बताए ठिकाने पर पुलिस टीम शव बरामद करने पहुंची। पुलिस अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मृतक के साले रोहित मनचंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे पंकज अरोड़ा पुत्र जीवन कुमार अपनी एक्टिवा से परिचित मिक्की आहूजा से मिलने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान पंकज की एक्टिवा मन्ना सिंह नगर की झुग्गियों के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद परिवार ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी।
परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय पंकज ने सोने की करीब आठ तोले की चेन, पांच तोले का कड़ा और पांच सोने की अंगूठियां पहन रखी थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मिक्की आहूजा ने अपने साथी शिवा, सचिन, अजय और तीन-चार अन्य लोगों के साथ मिलकर पंकज का अपहरण किया।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर युवक के आभूषणों की बरामदगी का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद सचिन और तीन-चार अन्य संदिग्ध अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई और वारदात में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है।

